बरेली। मोती लाल नेहरू इंटर कॉलेज शरीफ नगर के प्रवक्ता डॉ. खरगसेन का आमरण अनशन जारी है। अब तक कोई सुनवाई नहीं होने से नाराज शिक्षक की पत्नी ने जिलाधिकारी को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है।
सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में 28 सितंबर से आमरण अनशन पर बैठे डॉ. खरगसेन ने कहा कि वरिष्ठता होने के बाद भी उन्हें प्रधानाचार्य पद पर नियुक्त नहीं किया जा रहा है। डीआईओएस ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य पद पर नियुक्ति रोकने के लिए 14 अक्तूबर को निर्देश जारी किए। इसमें प्रबंध समिति से लघु दंड निर्गम करने की अनुशंसा की गई।
इसे वापस लेते हुए कार्यवाहक प्रधानाचार्य नियुक्त करने की मांग के संबंध में आरती देवी मौर्य ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। इसमें अनशन से स्वास्थ्य खराब होने की बात कही गई है। बरेली कॉलेज कर्मचारी कल्याण के बाद शिक्षण महासभा के जिलाध्यक्ष डॉ. कालीचरण, मो. अली खान, ज्ञानेंद्र मौर्य आदि ने डॉ. खरगसेन का समर्थन किया है। इस संबंध में डीआईओएस देवकी सिंह ने कहा कि प्रवक्ता खरगसेन का निलंबन रोक दिया है। उनके स्तर से समाधान किया जा चुका है। संवाद