बरेली। तीन माह के बच्चे की जांघ में सुई धंसने के मामले में दंपती न्याय के लिए रोजाना अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन अभी तक जांच भी शुरू नहीं हो सकी है। विभाग अपने कामों में इतना व्यस्त है जनता की शिकायतों पर गौर नहीं कर रहा। मामले में दंपती बुधवार को डीएम नितीश कुमार से भी मुलाकात करने पहुंचे लेकिन मुलाकात न हो सकी।
दंपती संजय कुमार शर्मा व हेमलता शर्मा बुधवार को मामले को लेकर डीएम नितीश कुमार के पास पहुंचे लेकिन उनसे यहां उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी इस मामले में अब तक प्रारंभिक जांच भी शुरू नहीं की है। जांच एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम को दी गई है। डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि विभागीय काम से हाईकोर्ट गए हुए थे, बुधवार की दोपहर लौटे हैं। जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। जांच की जा रही है।
बता दें कि शहर के मोहल्ला संजय नगर निवासी दंपती सचिन कुमार शर्मा और हेमलता शर्मा ने बुखार की शिकायत पर अपने तीन माह के बेटे को राजेंद्र नगर स्थित एक बच्चों के अस्पताल में दिखाया था। यहां ब्लड सैंपल लेते वक्त स्टाफ की लापरवाही से सुई बच्चे की जांघ में ही टूट गई थी। तीन घंटे बाद दंपती जब बच्चे को लेकर घर पहुंचे तब इसका पता चला। अस्पताल से शिकायत की तो पहले तो दंपती को फ ीस माफ करने का लालच दिया गया। जब वो नहीं माने तो धमकाया भी गया।