- डॉक्टरों ने दी हड़ताल की चेतावनी तो सीएमएस ने बंद करा दी चेकिंग
बरेली। जिला अस्पताल में वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने दंत रोग विशेषज्ञ की बाइक का चालान काट दिया। इससे डॉक्टर भड़क गए। उन्होंने सीएमएस ऑफिस में जमकर हंगामा किया। हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी तो सीएमएस दबाव में आ गए। उन्होंने तुरंत चेकिंग अभियान रुकवा दिया। और डॉक्टरों को अस्पताल परिसर में पार्किंग का इंतजाम कराने का आश्वासन दिया, तब कहीं डॉक्टर शांत हुए।
दरअसल, जिला अस्पताल में लोग मनमर्जी से जहां-तहां वाहन खड़े कर देते हैं, इससे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ती है। अस्पताल परिसर में वाहनों के आवागमन को रोकने के लिए सीएमएस ने एक बैरियर महिला अस्पताल की तरफ और दूसरा अपने ऑफिस के बाहर लगवा दिया। हालांकि इसके बाद भी वाहनों का आवागमन बंद नहीं हुआ तो सीएमएस के कहने पर पुलिस ने मंगलवार को अस्पताल परिसर में चेंकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने अस्पताल परिसर में इधर-उधर खड़े वाहनों के चालान करने शुरू कर दिए। ऑपरेशन थिएटर के बाहर खड़ी दंत रोग विशेषज्ञ अवधेश गंगवार की बाइक का भी 500 रुपये का चालान काट दिया गया। उन्हें जब इसका पता चला तो वह विरोध जताने सीएमएस ऑफिस पहुंच गए। इस बीच कई और डॉक्टर भी पहुंच गए। सभी चेकिंग अभियान का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे। डॉॅक्टरों का कहना था कि अगर अस्पताल परिसर में डॉक्टरों के लिए अलग से पार्किंग की व्यवस्था हो तो वे इधर-उधर अपने वाहन खड़े नहीं करेंगे। डॉक्टरों ने इसे लेकर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी तो सीएमएस ने अभियान रुकवा दिया।
तीन जगह बनाई जाएगी पार्किंग
जिला अस्पताल में पार्किंग की सबसे बड़ी समस्या है। डॉक्टरों के हंगामे के बाद अब अस्पताल परिसर में तीन जगह पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। एक पार्किंग ओपीडी के पीछे, दूसरी मंदिर के पास और तीसरी पार्किंग महिला अस्पताल के पास बनाई जाएगी।
मरीजों को हो रही परेशानी की सीएमएस से शिकायत
समाज सेवा मंच के नदीम शमसी ने पार्किंग की समस्या को लेकर सीएमएस से शिकायत की। उनका कहना है कि पार्किंग न होने के कारण तीमारदारों को वाहन खड़े करने में दिक्कत होती है। वाहन अंदर खड़े होते हैं, इससे मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सीएमएस ने आश्वासन दिया कि पार्किंग की व्यवस्था जल्द करा दी जाएगी।
अस्पताल परिसर में वाहनों को रोकने के लिए दो बैरियर लगाए गए, लेकिन आवागमन बंद नहीं हुआ। मैंने ही पुलिस से आग्रह कर चेकिंग शुरू कराई। इस पर डॉक्टरों ने नाराजगी जताई। अब अस्पताल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था करा दी जाएगी। फिलहाल परिसर में इधर-उधर वाहन नहीं खड़े होने दिए जाएंगे। - डॉ. टीएस सिंह आर्या, सीएमएस