सोमवार को सूरज की तेजी का ऐसा आलम रहा कि सुबह स्वेटर पहनकर घर से बाहर निकले लोगों को पछताना पड़ा। गर्मी की वजह से लोगाें के पसीने छूट गए। कार्यालयों में एसी चलानी पड़ी। सूरज के तेज तेवर से अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर निकल गया है। हालांकि मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि मंगलवार को गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है।
विज्ञापन
फरवरी में अभी ऐसी गर्मी की उम्मीद लोगाें को नहीं थी। घराें के पंखे दो नंबर पर चलने लगे हैं। हालांकि रजाई का उपयोग लोग रात में कर रहे हैं। सुबह आसमान होने से धूप आठ बजे ही आंगन में आ रही है। दोपहर बाद सड़क पर चलने वाले अधिकतर लोग हाफ शर्ट और टी शर्ट में आ गए हैं। स्वेटर तो जैसे गायब होने लगे हैं। बैंकों में भी हल्की एसी चलने लगी है। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 14.5 डिग्री सेल्सियस है। मंगलवार को हल्की बूंदाबांदी के साथ मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है।