तिलहर पुलिस की गिरफ्त में नकली शराब का कारोवार करने वाले । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। पुलिस ने दो कारों में 721 बोतल हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद की है। गिरफ्तार चार आरोपी कैरियर का काम करते थे। शराब लाए हरियाणा से थे, लेकिन पहुंचानी कहां है। इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं थी। प्रथम दृष्टया पुलिस शराब को नकली मान रही है।
शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे थाना तिलहर पुलिस, एसओजी और आबकारी की संयुक्त टीम क्षेत्र मे चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना व संदिग्धता के आधार पर समय बरेली की ओर से आने वाली स्विफ्ट कार की चेकिंग की गई। कार से 351 बोतल अंग्रेजी शराब हरियाणा मार्का बरामद हुई। पुलिस ने कार में सवार नवीन और सतीश निवासी भैसरू खुर्द सांपला जनपद रोहतक हरियाणा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उन लोगों ने बताया कि उनके दो अन्य साथी एक कार से उनके आगे जा रहे हैं।
पुलिस ने थाना रामचंद्र मिशन को सकी सूचना दी। आरसी मिशन थाने की पुलिस और एसओजी ने घेराबंदी कर रात करीब साढ़े नौ बजे आलम नर्सरी के सामने पुल के किनारे से कार को रोक लिया। कार में सवार रामपाल और दीपक निवासी निजामपुर माजरा (फरमाना) थाना खरखौदा जनपद सोनीपत हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। कार से 370 बोतल हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपियों के पास से 309 नकली रैपर और क्यूआर कोड भी मिला है। मामले में तिलहर और रामचंद्र मिशन थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई।
आरोपियों ने बताया कि वे लोग पिछले दो वर्ष से इस कार्य मे संलिप्त हैं। सीटों के नीचे कैविटी (खाली स्थान) बनाकर शराब को छुपाते थे, ताकि चेकिंग के दौरान शक न हो। शेरा नाम का शख्स बहादुरगढ़, हरियाणा में दोनों कारों में शराब लोड कर देता है। लखनऊ पहुंचने के बाद शेरा हमें बताता है कि आगे कहां शराब पहुंचानी है। शेरा के बारे में वे लोग इससे ज्यादा नहीं जानते। पुलिस प्रथम दृष्टया बरामद शराब नकली मान रही है। आरोपियों ने बताया कि वे लोग बोतलों पर रैपर चिपकाते हैं तथा ढक्कन पर क्यूआर बार कोड चिपकाकर सप्लाई करते हैं।
एसपी एस आनंद ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।