भमोरा। थाना क्षेत्र के सरारी गांव में चोरों ने एक फौजी के घर का ताला तोड़कर बंदूक ले उड़े। हालांकि, बाद में जेवर और नकदी घर में ही एक थैली में रखे मिले। इसके बाद पुलिस ने लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक और पांच कारतूस चोरी होने की बात कही है। घर के पास लगे सीसी कैमरे में चार संदिग्ध दिखाई दिए हैं।
सरारी निवासी उमेश मौर्य सेना में जवान हैं। वर्तमान में पंजाब के जालंधर कैंट में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पर पहुंची भमोरा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
उमेश मौर्य के मुताबिक, वह घटना की शिकायत करने थाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी का फोन आया। पत्नी ने बताया कि घर में एक थैली में सभी जेवर और 25 हजार रुपये की नकदी मिल गई है। इसके बाद मामला लाइसेंसी बंदूक और कारतूस की चोरी तक सीमित रह गया। सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद