जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का जन्मदिन धूमधाम के साथ मनाया गया। मंदिरों में समारोह का आयोजन हुआ, तो आरती पूजन के बाद शहर में दो अलग- अलग शोभायात्रा निकाली गईं। इसका रास्ते में जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया।
महावीर निर्वाण समिति की ओर से भगवान महावीर जयंती समारोह रामपुर बाग स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ हरी झंडी दिखा कर किया गया। इस मौके पर उन्होंने भगवान महावीर के सिद्धांत अहिंसा को आज की सबसे बड़ी जरूरत बताया।
शोभायात्रा में एहरावत हाथियों द्वारा खींचे जा रहे रथ पर भगवान श्री को लेकर खवासी के रूप में मनोज जैन विराजमान हुए। सारथी के रूप में पीके जैन, कुबेर के रूप में एके जैन एवं इन्द्रों के रूप में विभोर जैन, डा. पीके जैन व नीरज कुमार जैन हाथों में चॅवर लेकर रथ पर सवार हुए। इसके बाद जैन समाज के लोगों ने भगवान श्री की आरती की और रथ को हाथ लगा कर शोभायात्रा में शामिल हुए।
दो बैंड, पांच घोड़े एवं पांच झांकियों के साथ शोभायात्रा कालीबाड़ी, शहामतगंज, मठ की चौकी, आलमगीरीगंज, कुतुबखाना, कोतवाली से अय्यूब खां चौराहा होकर दोपहर में मंदिर पहुंची। इससे पूर्व सुबह साढ़े छह बजे केसरिया वस्त्र धारण कर भगवान का जलाभिषेक कर पूजा पाठ किया गया। इसके बाद सुबह साढ़े आठ बजे आरसी जैन ने ध्वजारोहण कर महावीर जयंती कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मंदिर में शाम के कार्यक्रम में भगवान महावीर की आरती भजन सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम एवं शोभायात्रा का संचालन आरसी जैन, राजकुमार जैन, रोहित जैन, सुनील जैन, सतीश जैन, सत्येंद्र जैन आदि ने किया। इस मौके पर अमर उजाला के सौजन्य से कोतवाली के पास स्वागत द्वार भी बनाया गया था।
लार्ड पारसनाथ दिगंबर जैन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से भगवान महावीर स्वामी का जयंती समारोह बिहारीपुर ढाल स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मनाई गई। भगवान महावीर का सामूहिक अभिषेक व पूजा की गई। इसके बाद भगवान को रथ पर लेकर बैठने के लिए अनिल जैन, सारथी के लिए राजेश जैन, कुबेर के लिए विनय जैन व चार इन्द्रों के लिए पुष्पेंद्र जैन, प्रकाश जैन, संजय जैन विकास जैन ने रथ में बैठे। इसके बाद केके महेश्वरी ने हरी झंडी दिखा कर रथयात्रा का शुभारंभ किया।
रथयात्रा बैंड, नगाड़े की धुन पर शहर में निकाली गई। इसमेें आगे-आगे घोड़े चल रहे थे। बीच में महिलाओं की मंडली भजन गाती चल रही थी। महावीर स्वामी के जयकारे गूंजते रहे। यात्रा कुतुबखाना, कोतवाली, पटेल चौक से अनाथालय रोड, इस्लामिया मार्केट से वापस मंदिर पहुंच कर संपन्न हुई। यात्रा संचालन एसडी जैन, विजय कुमार जैन, प्रोफेसर डीके जैन, राजेश जैन, आईसी जैन, रामकुमार जैन, सत्येंद्र जैन, संजय जैन, अनिल जैन आदि ने किया। अंत में समिति के मंत्री प्रकाश चंद्र जैन ने आभार व्यक्त किया।