उद्यमियों से बातचीत करते जितिन प्रसाद।
बरेली पहुंचे प्राविधिक मंत्री ने उद्यमियों से की मुलाकात
बरेली। प्राविधिक मंत्री जितिन प्रसाद ने बुधवार को बरेली में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इसी दौरान वह शहर के उद्यमियों से भी मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। कहा, पिछली सरकारों में उद्यमी यूपी में उद्योग लगाना पसंद नहीं करते थे। सपा और बसपा सरकारों में कथित लूटपाट और वसूली से औद्योगिकीकरण और अन्य विकास योजनाओं को भारी नुकसान पहुंचा था। इसकी भरपाई भाजपा सरकार कर रही है। इन्वेस्टर समिट और अन्य आयोजनों से प्रदेश में औद्योगिकीकरण का माहौल बनाया है। इससे बड़े स्तर पर नए उद्योग यूपी में लग रहे हैं। हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है।
उद्यमी दिलीप खंडेलवाल के आवास पर कैबिनेट मंत्री के साथ बैठक में उद्योगपतियों ने कहा कि सरकार हर स्तर पर सहयोग कर रही है, लेकिन सिस्टम में बैठे लोग बाधा बन रहे हैं। जमीन खरीदने और नया उद्यम लगाने में तमाम अड़चनें प्रशासन स्तर से आती हैं। उद्यमियों ने इको टैक्सटाइल पार्क का जिक्र करते हुए कहा, यह भी सिस्टम की भेंट चढ़ गया है। सिस्टम की मनमानी के चलते निवेशकों की लागत अनावश्यक रूप से बढ़ गई और उन्हें परेशानी भी हुई। उन्हें अभी तक योजनाओं और सब्सिडी का लाभ भी नहीं मिल पाया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उद्यमियों की जो भी समस्याएं हैं, वह उन्हें सरकार के समक्ष रखेंगे। जल्द से जल्द उनका निस्तारण कराया जाएगा। बरेली-लखनऊ मार्ग पर फ तेहगंज पूर्वी स्थित हुलासनगरा क्रॉसिंग पर जाम की समस्या का निदान भी मार्च तक हो जाएगा। बरेली में आईटी पार्क बनाया जा रहा है, इसके लिए भी कोशिश होगी कि इसका लाभ उद्यमियों को मिले। इस मौके पर परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र समिति के अध्यक्ष घनश्याम खंडेलवाल, आईआईए दिनेश गोयल, अनुपम कपूर, सतीश अग्रवाल, विशाल मेहरोत्रा आदि ने सुझाव और समस्याएं रखीं।