बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में बुधवार रात मिठाई कारखाने के कर्मचारी को गोली मारने के मामले में दंपती समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट कराई गई है। मामला प्रेमप्रसंग से जुड़ा है। इसमें महिला ने भाड़े के आरोपियों से मददगार पर ही गोली चलवा दी।
फतेहगंज पूर्वी के गांव बिलपुर नई कॉलोनी निवासी गणेश सिंह भरतौल में किराये पर रहते हैं। बुधवार रात वह ड्यूटी खत्म करके घर लौट रहे थे। बीसलपुर चौराहे के पास दो बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोककर अपने फोन से ऊषा, संजय शर्मा, हरीश व हरीश की पत्नी रेनू मिश्रा से बात कराई। चारों ने उनसे पांच लाख रुपये मांगे। उनके मना करने पर धमकी दी। बाद में उन पर गोली चला दी। पैर में गोली लगने से वह जमीन गिर गए और बदमाश फरार हो गए। चारों आरोपियों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।