बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में युवती का यौन शोषण और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने एक युवक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक युवक ने युवती को लोन दिलाने का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। विरोध करने पर उसका वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे लाखों रुपये हड़प लिए। पीड़ित युवती की मां ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने क्योलड़िया की जिला सहकारी बैंक से लोन दिया था। लोन दिलाने के नाम पर उसकी नगर के ही एक युवक से जान पहचान हो गई थी। महिला का आरोप है कि युवक लोन दिलाने के नाम पर दलाली करता है। आरोप है कि उसने महिला की बेटी को जिला उद्योग केंद्र बरेली से ग्रामीण उद्योग लगवाने के लिए लोन दिलाने का झांसा देकर उसकी बेटी से कई कागजों पर और आधार कार्ड की छाया प्रति पर हस्ताक्षर करा लिए। बाद में वह उसकी बेटी को लोन की प्रक्रिया पूरी कराने की बात कहकर बाइक से अपने साथ ले जाने लगा।
आरोप है कि युवक उसकी बेटी को कई बार अपने घर ले गया। नशीला पदार्थ खिलाकर उससे संबंध बनाए। उसका अश्लील वीडियो बना लिया। जिसे वायरल करने की धमकी देकर उसने उससे कई बार में छह लाख रुपए हड़प लिए। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में कोतवाल राहुल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।