उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी में महिला भाजपा नेता के बेटे पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए बदायूं की युवती ने बहेड़ी थाने में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने युवक को उठाया तो तमाम भाजपाई भी थाने में जुट गए।
युवती के परिजनों को भी पुलिस ने रात में ही बदायूं से बुलवा लिया लेकिन बाद में थाने में ही दोनों पक्षों में समझौता हो गया। बदायूं की एक युवती का बहेड़ी की महिला भाजपा नेता के बेटे से सोशल मीडिया पर संपर्क हुआ था।
युवती का कहना था कि तमाम मुलाकातों के बाद उनके बीच शादी की बात तय हो गई थी। शनिवार रात युवती उससे मिलने बहेड़ी पहुंची तो दोनों में शादी को लेकर तकरार हो गई। इसके बाद युवती सीधे थाने पहुंच गई।
युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस पर पुलिस महिला नेता के बेटे को थाने उठा लाई। कुछ ही देर में थाने में भाजपाइयों का मजमा लग गया। उन्होंने पुलिस पर समझौता कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।