बरेली। बरेली कॉलेज के बॉटनी विभाग का बॉटनिकल गार्डन (वनस्पति उद्यान) डंपिंग जोन बन चुका है। यहां फैले कचरे की वजह से विद्यार्थी इस ओर आना ही नहीं चाहते। औषधीय पौधों की क्यारियों तक कचरा दिखता है। यही हाल महाविद्यालय में बने पांचाल संग्रहालय का है।
बरेली कॉलेज में इन दिनों नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही कई पाठ्यक्रमों में कक्षाएं भी शुरू हो चुकी हैं। प्रवेश लेने के बाद पढ़ाई के लिए पहुंचने वाले विद्यार्थी गंदगी देखकर परेशान हैं। बॉटनी विभाग के बॉटनिकल गार्डन में हर ओर कचरा, झाड़ियां और मलबा दिखता है।
विभागाध्यक्ष आलोक खरे ने भी इस पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि 10 साल पहले बॉटनी विभाग के पास एक अच्छा गार्डन था। कुछ समय पहले यहां सीवर लाइन बिछाई गई, फिर छात्रावास की मरम्मत का मलबा इसी उद्यान में डाला गया। इसके चलते यहां का हाल खराब है।