बरेली। एसटीएफ ने गैंगस्टर में दो साल से वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश जुनैद को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ हरदोई पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। गिरफ्तारी के बाद जुनैद को हरदोई भेज दिया गया है।
एसटीएफ की बरेली इकाई के इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली की मुजफ्फरनगर के मीरापुर थानाक्षेत्र का रहने वाला जुनैद बृहस्पतिवार को फतेहगंज पश्चिमी से गुजरेगा। जुनैद पर हरदोई जिले के संडीला थाने में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है। इसमें वह दो साल से फरार है। जुनैद पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। बृहस्पतिवार सुबह जुनैद ट्रक लेकर शाहजहांपुर से मुरादाबाद की तरफ जा रहा था, तभी एसटीएफ ने फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर घेराबंदी करके ट्रक रुकवाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। फतेहगंज पश्चिमी थाने में लिखापढ़ी के बाद जुनैद को संडीला भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह ने बताया कि जुनैद पर गो तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। एक मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया था, लेकिन वह जमानत पर बाहर आ गया, लेकिन गैंगस्टर लगने के बाद दो साल से वह पुलिस को चकमा दे रहा था। दीपावली से पहले भी जुनैद बरेली से गुजरा था, लेकिन तब पकड़ में नहीं आ सका। जिस ट्रक से जुनैद को गिरफ्तार किया गया, उसमें कोलकाता से सरिया लादकर लाया जा रहा था। ट्रक में दूसरा चालक मोहसिन भी था। एसटीएफ ने जुनैद को गिरफ्तार करने के बाद ट्रक को छोड़ दिया।