इंडिगो के मुताबिक बरेली से मुंबई और बंगलूरू के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने के बाद देश के 17 बड़े शहरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा भी मिलेगी। इन शहरों में अहमदाबाद, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता, नागपुर, पुणे, कोचीन, त्रिवेंद्रम, भुवनेश्वर, गोवा, पटना, कोयंबटूर, इंदौर, चंडीगढ़, मंगलौर, जयपुर और रायपुर शामिल हैं। इन सभी कनेक्टिंग फ्लाइट के लिए बरेली एयरपोर्ट से टिकट बुक कराए जा सकेंगे। इंडिगो का कहना है कि यात्रियों के बैगेज की बुकिंग अंतिम स्टेशन के लिए ही होगी। दोनों के बोर्डिंग पास भी बरेली एयरपोर्ट पर दिए जाएंगे। इन शहरों से बरेली की वापसी की यात्रा भी कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए की जा सकेगी।
मुंबई और बंगलूरू के लिए सीधी उड़ान के साथ देश के 17 मेट्रो सिटी से कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा से के बरेली को काफी फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शिक्षा और औद्योगिक क्षेत्र में खासतौर से उम्मीदें बढ़ी हैं। उद्यमियों के मुताबिक मुंबई हवाई मार्ग से जुड़ने से बरेली में उद्योगों को संजीवनी मिलेगी। नई इकाइयां लगने के साथ मल्टीनेशनल कंपनियों के भी आने की उम्मीद है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उद्यमियों का कहना है कि बरेली से मुंबई की ट्रेन से यात्रा में 30 से 35 घंटे खर्च होते थे। थकान इतनी ज्यादा हो जाती थी कि तीन दिन का समय यूं ही नष्ट हो जाता था। अब हवाई यात्रा शुरू होने से काफी वक्त बचेगा। ट्रेन की थकान भरी यात्रा से तबीयत बिगड़ने की भी आशंका नहीं रहेगी।