बरेली में कनाडा भेजने के नाम पर बहेड़ी सीएचसी में अधीक्षक के पद पर तैनात डॉक्टर से छह लाख रुपये ठग लिए गए। डॉक्टर ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
पीलीभीत के माधोटांडा निवासी डॉ. अजमेर सिंह बहेड़ी सीएचसी में अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। वह शहर की ग्रीन पार्क कॉलोनी में रहते हैं। वह परिवार समेत अपने रिश्तेदार के पास कनाडा जाना चाहते थे। टीवी पर विज्ञापन देखकर उनकी पत्नी ने विदेश भेजने वाली कंपनी यलो लीफ से संपर्क किया तो कंपनी की ओर से उनको चंडीगढ़ स्थित दफ्तर में बुलाया गया।
दफ्तर में मिले हरमन गिरेवाल ने विदेश भेजने के नाम पर छह लाख रुपये मांगे। इसके बाद डॉ. अजमेर ने कई बार में हरमन के बताए खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए। हरमन ने कुछ दिन बाद फाइल सरगुन नाम की महिला के पास ट्रांसफर करने की बात कही।
कुछ दिन तक सरगुन से डॉ. अजमेर की बात हुई। इसके बाद हरमन और सरगुन के नंबर बंद हो गए। कई बार प्रयास करने पर भी जब उससे संपर्क नहीं हुआ तो डॉ. अजमेर को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।