इलाज के अभाव में गंभीर हालत में रेफर होने लगे बच्चे
एडी हेल्थ ने तीन फिजीशियन को दिए बच्चों को देखने के निर्देश
बरेली। जिला अस्पताल व महिला अस्पताल के छह बाल रोग विशेषज्ञों में से चार छुट्टी पर चल रहे हैं। इससे गंभीर बच्चों को भी इलाज नहीं मिल पा रहा है। बुधवार को बच्चा वार्ड से बेहद गंभीर हालत में एक बच्चा रेफर किया गया। एडी हेल्थ राकेश दुबे ने जिला अस्पताल के तीन फिजीशियन को बच्चा वार्ड में राउंड लेने और बच्चों का इलाज करने के निर्देश दिए हैं।
एडी हेल्थ राकेश दुबे ने बताया कि जिला अस्पताल के फिजीशियन आशू कुमार अग्रवाल, एएम अग्रवाल और वागीश वैश्य को बच्चा वार्ड में राउंड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। महिला अस्पताल में तैनात दो बाल रोग विशेषज्ञों से भी कहा गया है कि यदि बच्चा वार्ड में कोई गंभीर बच्चा भर्ती होता है और कॉल आती है तो उन्हें बच्चा वार्ड में जाकर बच्चे को देखना होगा। उधर, बाल रोग विशेषज्ञों के न आने से बच्चों की हालत बिगड़ रही है। कुछ परिजन डॉक्टर को बिना बताए बच्चों को लेकर प्राइवेट हॉस्पिटल चले गए हैं, तो बुधवार को एक बेहद गंभीर हालत में बच्चे को रेफर किया गया। बता दें कि जिला अस्पताल के दोनों बाल रोग विशेषज्ञ अवकाश पर चल रहे हैं तो महिला अस्पताल में तैनात चार डॉक्टरों में दो डॉक्टर छुट्टी पर हैं।