मंगलवार दोपहर हुई थी बच्ची की मौत
मंगलवार दोपहर संदिग्ध हालात में मासूम बच्ची की मौत हो गई। इसे लेकर हंगामा हो गया। कमलेश और उसकी सास ने एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगाया। सूचना पर मायके वाले पहुंच गए। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया, रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया। माना जा रहा है कि बच्ची गले में धागे पहने थी, उसी से गला घोंटा गया।
बच्ची के चाचा कालीचरण ने बताया कि सोमवार शाम कमलेश चार साल बाद ससुराल आई थी। उसी ने ही भतीजी प्रियंका को गला घोंटकर मार डाला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बच्ची की मां कमलेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्ची का पिता दिल्ली से वापस आ गया। बुधवार शाम बच्ची के शव को दफना दिया गया।
मायका पक्ष ने बच्ची के परिजनों पर लगाया आरोप
महिला के पिता शिवकुमार ने धेवती की हत्या करने का आरोप लगाकर एसएसपी से शिकायत की है। उन्होंने बताया कि बेटी का ससुरालियों से विवाद चल रहा है। इस वजह से वह मायके में रह रही थी। वह छोटी बेटी को लेकर ससुराल गई थी। वहां बच्ची के परिजनों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। एसएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।