बरेली। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड योजना) के दूसरे चरण में चार फर्मों के टेंडर आए हैं। नगर निगम और अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट एजेंसी के अभियंता इनका तकनीकी मूल्यांकन 15 दिनों में पूरा करेंगे। इसके बाद उनकी वित्तीय क्षमता का आकलन होगा। न्यूनतम दर पर काम करने वाली फर्म को कार्यादेश जारी किया जाएगा।
सीएम ग्रिड योजना के दूसरे चरण में कोहाड़ापीर से सूद धर्मकांटा और कुदेशिया फाटक तक दो सड़कों के चौड़ीकरण के लिए 47 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। इन सड़कों के किनारे से अवैध कब्जे हटेंगे। जलनिकासी के लिए नालियां और स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण होगा। सड़क के दोनों ओर फुटपाथ रहेगा। हरियाली भी नजर आएगी। बिजली, फोन, इंटरनेट के तार भूमिगत किए जाएंगे।
नगर निगम ने पत्रावली अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट एजेंसी को भेजी है। वहां से हरी झंडी मिलने पर फर्मों की वित्तीय क्षमता का मूल्यांकन किया जाएगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी ने बताया कि सीएम ग्रिड योजना के दूसरे चरण में कोहाड़ापीर से सूद धर्मकांटा और कुदेशिया फाटक तक काम होगा। प्रक्रिया पूरी कर न्यूनतम दर पर काम करने वाली फर्म को जिम्मेदारी दी जाएगी। ब्यूरो