बरेली। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में शामिल बरेली के उद्यमियों के उत्पादों ने लोगों को लुभाया। देश-विदेश से जुटे लोगाें ने उत्पादों को सराहा और खरीदारी की। कुछ उद्यमियों से कारोबार संबंधित करार किया। सोमवार को ट्रेड शो के समापन के बाद उद्यमियों की शहर वापसी शुरू हुई।
मेंथॉल उत्पादों के निर्माता और निर्यातक गौरव मित्तल के मुताबिक, ट्रेड शो में देश समेत यूरोप, एशिया और खाड़ी देशों के कारोबारी और खरीदार जुटे थे। वियतनाम, भूटान, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका आदि देशों के लोगों ने उत्पादों की खरीदारी की। कुछ कारोबारियों ने भविष्य में बड़े ऑर्डर देने के लिए करार किया है। अफ्रीका के एक कारोबारी बरेली में स्थित फैक्टरी का जायजा लेने के लिए उत्सुक थे। उन्हें साथ लेकर वह बरेली लौट रहे हैं। दो दिन तक मेंथॉल समेत परफ्यूम, इत्र आदि का उत्पादन दिखाया जाएगा, ताकि अपने देश में बरेली की उद्यमिता को साझा करें।
रेजिन आर्ट हस्तशिल्पी सुरभि ने बताया कि इस नई कारीगरी को जानने के लिए पांच दिन में 40 देशों के प्रतिनिधि आए। नेपाल, ऑस्ट्रेलिया और भूटान के कारोबारियों ने करार किया। देशभर से जुटे लोगों ने खरीदारी की। फूलमाला सुरक्षित रखने के तरीके को लोगों ने सराहा।
इंटरनेट बंद होने से कारोबार का नहीं मिल सका डाटा
उपायुक्त उद्योग विकास यादव के मुताबिक, पांच दिनों तक ट्रेड शो में बरेली से प्रतिभाग करने वाले उद्यमियों ने बेहतर कारोबार किया। देश और विदेश के कारोबारियों और खरीदारों से संपर्क का अनुभव मिला। हालांकि, इंटरनेट सेवा बंद होने से कारोबारियों की ओर से भेजा गया डाटा प्राप्त नहीं हो सका। लिहाजा, पांच दिनों में कितना कारोबार हुआ, इसे जानने के लिए सभी के वापस आने का इंतजार है। उनको व्यक्तिगत कॉल कर रिकॉर्ड तैयार करेंगे। ब्यूरो