बरेली। घने कोहरे ने शुक्रवार को ट्रेनों के पहिए भी थाम दिए। कई ट्रेनें सिगनल न दिखने की वजह से रास्ते में खड़ी कर दी गईं। इसके बाद पटाखे चलाकर ट्रेनों को जंक्शन तक लाया गया। रेलवे ने कोहरे की वजह से कई ट्रेनों के संचालन के दिनों में भी कटौती की है।
शुक्रवार को सुबह से ही घना कोहरा हो गया। जिसका असर रेल और बस यातायात पर भी पड़ा। सुबह जंक्शन पहुंचने वाली धनबाद-फिरोजपुर गंगा सतलज एक्सप्रेस 45 मिनट, चंडीगढ़-पाटलीपुत्र एक्सप्रेस दो घंटे, जम्मू-हावड़ा हिमगिरि एक्सप्रेस एक घंटे, लखनऊ-दिल्ली लखनऊ मेल 45 और डिबूगढ़-लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से जंक्शन पहुंची। घना कोहरा होने की वजह से यह ट्रेनें छोटे-छोटे स्टेशनों पर रोक दी गईं। बाद में पटाखे चलाकर ट्रेनों को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया गया। इधर शाहजहांपुर रोजा के बीच पटरी पर हादसा होने के कारण ट्रेनें रोक दी गई। करीब डेढ़ घंटे तक एसी सुपरफास्ट नई दिल्ली-लखनऊ, किसान एक्सप्रेस, चंडीगढ़ एक्सप्रेस, सहरसा-अमृतसर बंथरा एक्सप्रेस बिलपुर, पितांबरपुर, मीरानपुर कटरा, तिलहर और बंथरा स्टेशनों पर खड़ी रहीं। इसके अलावा मालगाड़ियों का भी संचालन रुका रहा।
अवध असम एक्सप्रेस का समय बदला
रेलवे ने डिब्रूगढ़ से लालगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस (05909/05910) का समय बदल दिया है। लालगढ़ से डिब्रूगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस (05910 डाउन) दोपहर एक बजे के बजाय 12:25 बजे पहुंच कर 12:30 बजे रवाना होगी। डिब्रूगढ़ से लालगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस (05909 अप) 10:32 के बजाए 10:27 बजे आएगी और पांच मिनट रुककर गंतव्य को रवाना होगी।
पितांबरपुर स्टेशन पर तैनात हुई जीआरपी
किसान आंदोलन को देखते हुए पितांबरपुर स्टेशन पर जीआरपी की तैनाती की गई है। सूत्रों का कहना है कि किसानों ने शनिवार से आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है। ऐसे में आशंका है कि सैकड़ों किसान पितांबरपुर स्टेशन से दिल्ली या नोएडा को रवाना होंगे। जीआरपी निरीक्षक ने बताया कि टोल प्लाजा और पिताबंरपुर स्टेशन पर तीन दिन तक जीआरपी के जवान तैनात रहेंगे।
जनवरी से श्रमजीवी मंगलवार, गंगा सतलज गुरुवार को नहीं चलेगी
कोहरे में ट्रेनें घंटों लेट होने से रद्द होती हैं, जिससे यात्रियों और रेलवे को नुकसान होता है। अब रेलवे बोर्ड ने आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों को सप्ताह में एक या दो दिन न चलाने का निर्णय लिया है। गंगा सतलज एक्सप्रेस रविवार, सत्याग्रह एक्सप्रेस शुक्रवार, अमृतसर-सरहसा स्पेशल मंगलवार, श्रमजीवी एकसप्रेस सोमवार को गंतव्य से नहीं चलाई जाएगी। रेलवे बोर्ड का यह आदेश जनवरी से प्रभावी होगा।