बरेली। मालगोदाम रोड पर एक घर में रविवार सुबह आग लग गई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। आग में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
मालगोदाम रोड पर अनिल कुमार का घर है। अनिल ने बताया कि सुबह पूजा करने के बाद वह चला गया था। मां भी बाहर गई हुई थी। एकाएक घर में आग लग गई। भीषण गर्मी व दूसरी मंजिल पर घर होने के कारण आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। आग ने पास वाले कमरे को भी चपेट में ले लिया। आग में घर में रखा फ्रिज व सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड भी सूचना के करीब आधे घंटे बाद पहुंची। तब तक आस पास के लोग पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया।
कैंट क्षेत्र में नटराज टॉकीज के पास बीआई बाजार व फूलबाग के बीच में सड़क किनारे काफी सूखे पत्ते इकट्ठा हैं। दोपहर करीब डेढ़ बजे इन पत्तों में आग लग गई। आग इस कदर भीषण हो गई कि वहां सड़क से निकलना मुश्किल हो गया। तेज हवा चलने के कारण आग के फैलने की आशंका भी थी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को बुझाया।