बरेली के इज्जतनगर इलाके में शुक्रवार रात उस वक्त दहशत फैल गई, जब गैस गोदाम परिसर में रखे कोलतार के ड्रम में अचानक आग लग गई। गोदाम के चौकीदार ने सूझ-बूझ दिखाते हुए आग को बुझाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बरेली के इज्जतनगर इलाके में आबादी के बीच स्थित चंद्रा गैस गोदाम परिसर में शुक्रवार रात आग लग गई। दमकल और पुलिस के पहुंचने से पहले गैस गोदाम के चौकीदार ने आग बुझा दी। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। अगर आग बेकाबू होती तो बड़ा हादसा हो सकता था क्योंकि आसपास रिहायशी इलाका है।
विज्ञापन
भसीन चौराहे से हार्टमन अस्पताल रोड पर चंद्रा गैस गोदाम है। शुक्रवार रात गोदाम परिसर में रखे कोलतार के ड्रम में अचानक आग लग गई। आग फैलने लगी तो पुलिस और दमकल टीम को सूचना दी गई। कुछ ही देर में प्रेमनगर और इज्जतनगर थाना पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई। इससे पहले ही गोदाम में मौजूद चौकीदार ने जैसे-तैसे आग बुझा दी।
रिहायशी इलाके में है गोदाम
फायर बिग्रेड की टीम ने भी जांच पड़ताल की। आग बुझने से आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों ने बताया कि गैस गोदाम काफी पुराना है पहले यहां निर्जन इलाका था लेकिन अब गैस गोदाम घनी आबादी के बीच आ गया है। गैस गोदाम के दीवार काफी ऊंची हैं और शटर भी लगा है। अंदर कैसे आग लगी, इसकी जांच की जा रही है।