बरेली के फतेहगंज पश्चिमी इलाके में बृहस्पतिवार को नदी से युवक अजय सोनकर का शव मिलने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, उसकी मौत डूबने से नहीं हुई थी। उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस ने घटना के वक्त उसके साथ मौजूद रहे दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, हालांकि परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है।
गांव उनासी निवासी अजय सोनकर बुधवार को मोहल्ला नौगमा निवासी दोस्त के साथ नदी की तरफ घूमने गया था। उसके दोस्त ने परिजनों को अजय के नदी में डूबने की बात बताई थी। सूचना पर पुलिस ने फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ टीम के साथ काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बृहस्पतिवार सुबह अजय का शव नदी में उतराता हुआ मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया तो हत्या की बात सामने आई।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि अजय और उसके दोस्त ने साथ ही शराब पी थी। दोनों नदी में नहाने लगे थे। अजय डूबा तो दोस्त ने ही उसके घरवालों को सूचना दी। हत्या करने की कोई वजह भी नहीं है। अजय के परिवार वाले भी हत्या की तहरीर देने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं। हालांकि अब मोबाइल लोकेशन व अन्य बिंदुओं पर जांच की जाएगी।