यात्रियों को नए साल के पहले सप्ताह में टनकपुर तक बड़ी रेल लाइन पर ट्रेन मेें सफर का तोहफा मिलने जा रहा है। इसके लिए केंद्रीय संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण की तिथि तय हो गई है। संरक्षा आयुक्त 29 और 30 दिसंबर को पीलीभीत से टनकपुर तक नवनिर्मित रेल लाइन का निरीक्षण करेंगे। यदि सब कुछ ठीक रहा तो जनवरी के पहले सप्ताह में रेल सेवा शुरू हो जाएगी। बुधवार को मझोला से टनकपुर तक ब्राडगेज ट्रैक पर इंजन दौड़ाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक सीआरएस निरीक्षण के बाद मझोला से टनकपुर के बीच यात्री ट्रेनें चलने लगेंगी। इसके बाद यात्री बरेली से सीधे टनकपुर तक ट्रेन में सफर कर सकेंगे।
ब्राड गेज लाइन पर ट्रेनों का सेवा शुरू करने से पहले केंद्रीय संरक्षा आयुक्त का निरीक्षण होना है। टनकपुर स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि संरक्षा आयुक्त 29 दिसंबर को मझोला और 30 दिसंबर को टनकपुर तक नवनिर्मित लाइन का निरीक्षण कर रिपोर्ट देंगे। निरीक्षण के बाद संरक्षा आयुक्त ने हरी झंडी दी तो नए साल के पहले सप्ताह में रेल सेवा शुरू हो जाएगी। वहीं इज्जतनगर मंडल के मझोला-पकड़िया-टनकपुर रेलखंड पर बुधवार सुबह दस बजे डिप्टी चीफ इंजीनियर राजीव अग्रवाल और निर्माण विभाग की टीम की मौजूदगी में इंजन दौड़ाया जाएगा। करीब 35 किमी लंबे ट्रैक पर इंजन चलने के बाद रिपोर्ट सीआरएस कार्यालय भेजी जाएगी। सीआरएस निरीक्षण में सब कुछ ठीक मिलने पर बरेली से वाया पीलीभीत टनकपुर तक सफर आसान हो जाएगा। वहीं ट्रेनों का आवागमन टनकपुर से वाया बरेली, कासगंज और मथुरा तक होगा।
बड़ी लाइन पर शुरू में दौडे़ंगी पैसेंजर ट्रेनें
शुरू में पैसेंजर गाड़ियों का संचालन होगा। टनकपुर से पीलीभीत, बरेली और कासगंज तक पैसेंजर गाड़ियां संचालित होंगी। टनकपुर के स्टेशन अधीक्षक कापड़ी ने उम्मीद जताई है कि वॉशिंग पिट का निर्माण पूरा होने के बाद पूर्णागिरि मेला शुरू होने तक एक्सप्रेस रेल गाड़ियों का संचालन भी शुरू किया जा सकता है।
अभी बरेली से मझोला तक चल रहीं ट्रेनें
भोजीपुरा-पीलीभीत तक करीब 39 किमी लंबा ट्रैक ब्राडगेज होने के बाद 14 दिसंबर, 2016 से बड़ी रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया। वहीं पीलीभीत से मझोला तक 25 किमी लंबे ट्रैक को भी ब्राडगेज किया जा चुका है। इस पर भी गाड़ियां दौड़ रही हैं। अब मझोला से टनकपुर तक 35 किलोमीटर लंबे ट्रैक के ब्राडगेज होने के बाद ट्रेनें दौड़ाने का इंतजार किया जा रहा है।
ड्रोन कैमरे से ट्रैक देख चुकी सीआरएस टीम
सीआरएस टीम ने ड्रोन कैमरे से मझोला से टनकपुर के बीच बन चुके ट्रैक का निरीक्षण कर लिया है। सीआरएम की टीम इस ट्रैक पर ड्रोन कैमरा उड़ा चुकी है। कैमरा की लाइव फुटेज देखने केे बाद सीआरएस ने कुछ सुझाव भी भेजे थे। उनको अमल में लाया जा चुका है। सुधार कार्य पूरे होने के बाद बुधवार को इंजन दौड़ाया जाना है।
इंजन चलाये जाने के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। मझोला से टनकपुर तक का रेलखंड बचा हुआ था। इंजन चलाकर देखे जाने के बाद सीआरएस निरीक्षण के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।
- राजेंद्र सिंह, पीआरओ इज्जतनगर मंडल