मठ लक्ष्मीपुर में ठेकेदार ने अधर में रोका सड़क निर्माण - विज्ञप्ति
बरेली। साल भर पहले तीन करोड़ की लागत से स्वीकृत सड़क का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है। इससे लोग परेशान हैं। इस पर चीफ इंजीनियर बीके सिंह ने ठेकेदार शर्मा कंस्ट्रक्शन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
वार्ड 28 रहपुरा चौधरी के पार्षद आशिक अहमद ने बताया कि वर्ष 2020 में मिनी बाईपास से मठ लक्ष्मीपुर में बीडीए कॉलोनी तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ था। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से एक किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जानी थी। इसका ठेका शर्मा कंस्ट्रक्शन को दिया गया, मगर एक साल बीतने में भी एक किलोमीटर लंबी सड़क नहीं बन सकी है। ठेकेदार ने वहां गिट्टी और कंक्रीट डालकर छोड़ दिया है। इससे लोगों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। वाहन के पहियों के नीचे आकर उछलते पत्थर लोगों को चोटिल कर रहे हैं लेकिन ठेकेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।
हॉट मिक्स, पोल शिफ्टिंग का काम बाकी
पार्षद ने बताया कि मठ लक्ष्मीपुर की यह मुख्य सड़क है। इस वजह से यहां से काफी यातायात गुजरता है लेकिन अभी तक पोल शिफ्टिंग और सड़क पर हॉट मिक्स का काम नहीं किया गया है। इस संबंध में उन्होंने नगर निगम में शिकायत की है।
सड़क निर्माण पूरा न करने वाले ठेकेदार पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। फरवरी तक सड़क का काम हर हाल में पूरा करा दिया जाएगा।
- बीके सिंह, चीफ इंजीनियर, नगर निगम