मीरगंज। शनिवार की रात किराये को लेकर मारपीट के बाद सभी कार चालकों और बरातियों में विवाद बढ़ गया। इसके बाद बरातियों को उतारकर कार चालक चले गए। इससे बरात कई घंटों की देरी से गंतव्य तक पहुंची। हालांकि थाने पहुंचे कार चालकों और बरातियों में बातचीत भी हुई, लेकिन कोई समझौता नहीं हो पाया।
शनिवार की रात बदायूं के बेहटा कोड़ा के रहने वाले ग्राम प्रधान खेमपाल अपने पुत्र तेजपाल की बरात लेकर मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव शीशम खेड़ा के गौंटिया जा रहे थे। समसपुर गोल कुंडा के पास रात लगभग दस बजे चालक शाहरुख निवासी सेंडोली थाना वजीरगंज बदायूं ने अधिक दूरी व कम किराये की बात कहकर अपने सभी साथी चालकों को रोक दिया। इसी बात पर चालकों और बरातियों में जमकर गाली-गलौज, कहासुनी और मारपीट हो गई। इसके बाद सभी चालक बरातियों को बीच रास्ते में ही उतार कर चले गए। बरात रात दस बजे शीशम खेड़ा से तीन किलोमीटर पहले रुक गई तब बरातियों ने शीशम खेड़ा में अपने रिश्तेदारों को बताया तो वे लोग बरात को लेकर घंटों की देरी से पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों में थाने में समझौते का प्रयास चलता रहा। संवाद
तहरीर मिलेगी तो होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि उन्हें किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। मौखिक शिकायत की थी। तहरीर मिलती हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।