नवाबगंज। बाइक से घर लौट रहे एक निजी चिकित्सक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। फिलहाल, परिजनों की तरफ से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
पश्चिमी बंगाल के जनपद नदिया थाना क्षेत्र मगनापुर के गांव वाघाडांगा के मूल निवासी 30 वर्षीय शकुंतो हलधर पुत्र हरीश चंद्र हलधर नवाबगंज थाना क्षेत्र के हिमकरा गांव में रहते हैं। वह लावाखेड़ा तालिब हुसैन गांव में अपना क्लीनिक चलाते हैं। शनिवार की देर रात वह बाइक से घर हिमकरा लौट रहे थे। वह जैसे ही दियोरनिया गांव के मंदिर के पास पहुंचे। उसी बीच सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मौका मिलते ही अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी रेखा, भाई सुमन, निर्मल मंडल, मां आदोरी हलधर, बेटा जीतू हलधर का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। संवाद