फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति पर आरोप लगाकर किसान ने दी जान

Sat, 21 Nov 2026 03:17 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बहेड़ी। जिले के एक विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति पर उत्पीड़न और धमकाने का आरोप लगाकर 55 वर्षीय किसान भगवान सिंह ने शुक्रवार रात जहर खाकर जान दे दी। उन्होंने अपनी डायरी में सुसाइड नोट लिखकर खुद के तनाव में होने की बात कही। शुक्रवार देर रात जानकारी पर एसपी उत्तरी ने मौके पर पहुंचकर परिवार से बात की। किसान के वकील बेटे से तहरीर मांगी।
विज्ञापन

परिवार के मुताबिक, वर्ष 1992 में भगवान सिंह के पिता पंजाब से बहेड़ी के पचपेड़ा गांव में आकर बस गए थे। दो-तीन साल बाद पचपेड़ा में उन्होंने 24 एकड़ जमीन खरीदी थी, पर दाखिल-खारिज नहीं करवा सके थे। इस जमीन पर 15 साल से विवाद चल रहा है। इस बीच दूसरे व्यक्ति ने विवाद के बावजूद क्रेता पक्ष से किसी तरह यह जमीन खरीद ली और फिर जिले के एक विश्वविद्यालय में तैनात कुलपति व उनके साथियों ने जमीन का बैनामा व दाखिल-खारिज करवा लिया। इसके बाद भगवान सिंह को जमीन से कब्जा छोड़ने के लिए धमकियां मिलने लगीं। इसी तनाव में उन्होंने जान दे दी।
हाईकोर्ट से मुकदमा हार गए थे भगवान सिंह, दायर किया था रिवीजन
बहेड़ी। भगवान सिंह के दो बेटे व दो बेटियां हैं। उनका एक बेटा विदेश में रहता है। दूसरे बेटे भाग सिंह वकील हैं और बहेड़ी कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं। एसपी उत्तरी संतोष कुमार ने भाग सिंह से बात की। भाग सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष ने हाईकोर्ट में गलत तथ्य पेश कर दिए। वह केस हारे जरूर हैं, लेकिन रिवीजन दायर कर दिया है। पिता का बरसों से इस जमीन पर कब्जा है। दूसरा पक्ष हमसे कब्जा खाली कराने के लिए दबाव डाल रहा था।
विज्ञापन

एसपी ने पूछा कि पुलिस से शिकायत क्यों नहीं की तो वह खामोश हो गए। एसपी उत्तरी ने उनसे तहरीर देने के लिए कहा। रात 12 बजे तक तहरीर नहीं दी गई थी। परिवार उत्तराखंड से अपने रिश्तेदारों के आने का इंतजार कर रहा था। पुलिस की पूछताछ में यह भी पता लगा कि वह सुबह अपने साले के घर बाजपुर (उत्तराखंड) के लिए निकले थे। तभी उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। वहां हालत बिगड़ने पर उन्होंने साले को जहर खाने की बात बताई। वह उन्हें बहेड़ी के एक अस्पताल में ले गए। यहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए बरेली के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि, बरेली पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गई। फिर परिजन शव को गांव ले गए।
डायरी में लिखा- मेरे बच्चों का ख्याल रखना
भगवान सिंह के शव के पास डायरी से मुड़ा-तुड़ा पांच पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने अपनी जमीन का जिक्र किया है। लिखा है कि विश्वविद्यालय के उस कुलपति को मत छोड़ना। उन्होंने अपने बच्चों का ध्यान रखने की अपेक्षा की है। अस्पष्ट सी लिखावट में जमीन के प्रति अपने लगाव व दर्द को साझा किया है।
वर्जन
परिवार ने अब तक न तो तहरीर दी है, न ही खुलकर कुछ कहा है। पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। आरोपी कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों परिजन जो तहरीर देंगे, उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। - अनुराग आर्य, एसएसपी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें