दिल्ली-बारादरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मालियों की पुलिया पर पकड़ा फर्जी कॉलसेंटर
विज्ञापन
नौ लड़कियों समेत 13 हिरासत में, 25 मोबाइल, 50 सिम-लैपटॉप और रजिस्टर बरामद
बरेली। पेंशन दिलाने के नाम पर ठगों ने दिल्ली स्थित अक्षरधाम मंदिर के केयर टेकर से ठगी कर ली। दिल्ली में एफआईआर दर्ज होने के बाद जब पुलिस एक्शन में आई तो मालियों की पुलिया स्थित खान मार्केट में फर्जी काल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ। इसी फर्जी कॉलसेंटर के जरिए लोगों को ठगा जा रहा था। सोमवार को दिल्ली और बारादरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गैंग के सरगना समेत 13 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें नौ लड़कियां भी शामिल हैं।
अक्षरधाम मंदिर के केयरटेकर ज्योतिंद्र मुकुंदराय दबे ने दिल्ली के मंडावली थाने में 25 जुलाई को तहरीर देकर ठगी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, पेंशन दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने उनसे 1.38 लाख रुपये ठग लिए। दिल्ली पुलिस ने संबंधित नंबरों को ट्रेस किया तो इनकी लोकेशन बरेली की निकली। सोमवार को दिल्ली पुलिस के दरोगा अजीत कृष्णा और केके शर्मा अपनी टीम के साथ बरेली पहुंचे। यहां उन्होंने बारादरी इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा को स्थिति बताई। शर्मा ने अपने थाने की टीम के साथ दिल्ली पुलिस को लेकर सोमवार शाम मालियों की पुलिया स्थित खान मार्केट की तीसरी मंजिल पर दबिश दी। यहां कॉल सेंटर चला रहे पीलीभीत के गजरौला निवासी अनिल कुमार और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान मौके पर भगदड़ मच गई। यहां नौ लड़कियां भी कॉल करती मिलीं। पुलिस ने मौके से 25 मोबाइल, 50 सिम, दो लैपटॉप, एक टेबलेट और कई रजिस्टर बरामद कर लिए। आरोपियों को बारादरी थाने लाया गया। यहां सीओ थ्री श्वेता यादव ने लड़कियों से अलग पूछताछ की। उन्होंने बताया कि एक रिपोर्ट बारादरी थाने में भी दर्ज की जा सकती है। दिल्ली पुलिस के एसआई अजीत कृष्णा ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट से रिमांड लेकर दिल्ली ले जाया जाएगा।