सुबह के समय बैरियर पर वाहनों को रोका दोपहर होते ही नदारद हुई पुलिस
बरेली। हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक न नया रोस्टर लागू हुआ न बाजार में भीड़भाड़ में कोई कमी आई। पुलिस-प्रशासन के इंतजाम भी दिखावटी साबित हुए। श्यामगंज में बैरियर लगाए जाने के बावजूद सड़कों पर पूरे दिन वाहनों की भरमार रही। ज्यादातर दुकानदारों के चेहरों पर हमेशा की तरह मास्क नजर नहीं आया। दुकानों पर आपसी दूरी के नियम की भी धज्जियां उड़ती रहीं।
सोमवार सुबह नौ बजे पुराने रोस्टर पर आम दिनों की तरह बाजार खुलना शुरू हुआ। हालांकि दुकान खोलने पहुंचे ज्यादातर दुकानदार इस बात से आशंकित दिखे कि पुलिस का न जाने क्या रवैया रहेगा। शुरू में पुल के नीचे बैरियर लगाकर कुछ देर बाजार में भीड़ को आने से रोका भी गया लेकिन दोपहर 11 बजे भीड़ धीरे-धीरे बढ़ने लगी। रोजमर्रा का सामान खरीदने आए लोगों के साथ ई रिक्शा और ऑटो भी बाजार में घुसे तो प्रशासन की चेतावनी धराशायी हो गई। कई दुकानों में लोग अंदर घुसे हुए थे जिनके बीच आपसी दूरी के सारे मानक टूटते रहे। बैरियर लगाने का बस इतना असर हुआ कि बाजार में रोज की तरह लगातार जाम नहीं लगा रहा। भीड़ कॉलेज रोड, कुतुबखाना और किला बाजार में भी रही। कोहाड़ापीर से कुतुबखाना मार्ग पर अतिक्रमण होने से ट्रैफिक फंस-फंसकर निकला। यही स्थिति अस्पताल रोड पर रही। सैलानी में हर दिन की तरह की भीड़भाड़ का माहौल रहा।
श्यामगंज और आसपास के बाजारों में तैनात पुलिस बीच-बीच में ई-रिक्शा और ऑटो वालों पर सख्ती करती रही। कई बार बाजार में घुसे ऑटो चालकों को पीटा भी गया। जब तक सख्ती रही, भीड़ भी कम दिखाई दी लेकिन दोपहर बाद पुलिस बैरियर से हट गई और बाजार में फिर अराजकता हावी हो गई।
पुराना शहर में देर रात तक खुले रेस्टोरेंट
पुराना शहर के सैलानी मार्ग, मीरा की पैंठ, कांकरटोला आदि इलाकों में रोज की तरह सोमवार को भी आधी रात तक खानपान की तमाम दुकानें खुलीं रहीं। मीरा की पैंठ में मिठाई वाले शनिवार और रविवार को भी दुकानें खोलते हैं। पुलिस भी कोई रोकटोक नहीं करती है।
बाजार खुलते ही हर तरफ जाम, सेटेलाइट चौराहे और चौपुला पर सेतु निगम के निर्माण से पैदा हुईं मुश्किलें
बरेली। दो दिन के लॉकडाउन के बाद सोमवार को बाजार खुलते ही शहर भर की सड़कों पर जाम लग गया। प्रमुख चौराहों को पार करने में लोगों का पसीना छूट गया। काफी कोशिशों के बाद भी शाम तक स्थिति सामान्य नहीं हो पाई।
सोमवार को बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद हर तरफ वाहनों की कतारें लगी दिखाई दीं। सेटेलाइट और चौपुला पर आधी से ज्यादा सड़क पर सेतु निगम का काम चल रहा था। सर्विस लेन पर गाड़ियों की भरमार थी। सेटेलाइट चौराहे पर ट्रैफिक बढ़ा तो इसका असर आसपास के गली-मोहल्लों में हुआ। कटरा चांद खां की गलियों में वाहन दौड़े तो आजादनगर और राजनगर कॉलोनी में भी जाम लग गया।
एसएसपी ने किया दौरा, कई दुकानदारों पर रिपोर्ट
एसएसपी शैलेश पांडेय, प्रभारी एसपी सिटी सुशील कुमार और सीओ सिटी अशोक कुमार ने अलग-अलग इलाकों में दौरा किया। नियम-कायदे तोड़ने पर पुलिस ने कई दुकानदारों के साथ आम लोगों पर भी धारा 188 के तहत रिपोर्ट दर्ज की। थाना प्रेमनगर में 15, कोतवाली में दो और बारादरी में करीब चार मामले दर्ज हुए। तमाम वाहनों का चालान भी किया गया। ब्यूरो