बरेली। सावन की शिवरात्रि से एक दिन पहले मंगलवार को बरेली होते हुए हरिद्वार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ रही। ट्रेनों में सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त कोच और लखनऊ-हरिद्वार के बीच कांवड़ विशेष गाड़ी के संचालन के बाद भी नियमित ट्रेनें ठसाठस रहीं।
सावन के कारण बरेली होते हुए हरिद्वार जाने-आने वाली सभी नियमित ट्रेनें फुल हैं। सभी गाड़ियों की स्लीपर श्रेणी अगस्त के दूसरे सप्ताह तक नो रूम है। एसी श्रेणियों में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा। इधर, कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सड़क मार्ग डायवर्ट कर दिया गया है। ऐसे में ट्रेनों पर दबाव ज्यादा बढ़ गया है।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक इमरान सैय्यद ने बताया कि इन दिनों बरेली से रामपुर, मुरादाबाद, हरिद्वार, दिल्ली रूटों पर सामान्य श्रेणी के टिकटों की बिक्री दोगुनी हो गई है। लगभग सभी ट्रेनों में दो के स्थान पर सामान्य श्रेणी के चार कोच लगाए गए हैं। सावन के बाद सड़क मार्ग पर डायवर्जन खत्म होने के साथ इन रूट की ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव घटेगा। संवाद