बरेली। बिथरी चैनपुर क्षेत्र में शराब के दुकान पर कैंटीन चलाने वाले व्यक्ति से एक दबंग दो हजार रुपये प्रतिमाह रंगदारी मांग रहा है। मना किया तो दबंग ने कैंटीन संचालक पर हथौड़े से हमला कर दिया। एसएसपी के आदेश पर बिथरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नरियावल के संजू दिवाकर भिंडौलिया शराब की दुकान पर कैंटीन चलाते हैं। भिंडौलिया का सिराज कैंटीन पर आकर दो हजार रुपये महीने रंगदारी मांगता है। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देता है। कुछ दिन पहले सिराज कैंटीन पर आया और रंगदारी मांगी। मना करने पर संजू के सिर में हथौड़ा मार दिया। आसपास के लोगों ने बचाया तो सिराज जातिसूचक शब्द कहने लगा। बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दरवाजे पर गाली देने का विरोध किया तो पीटा
बरेली। दरवाजे पर गाली देने का विरोध किया तो पड़ोसियों ने पिटाई कर दी। बिथरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। ग्राम टंडवा निवासी ब्रजपाल ने बताया कि उनके दरवाजे पर गांव के विनोद, राजू, डालचंद और राजपाल गाली दे रहे थे। पत्नी राजवती के साथ ब्रजपाल ने घर के बाहर जाकर गाली देने का विरोध किया। इस पर सभी लोगों ने मिलकर राजवती और ब्रजपाल की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। ब्यूरो
पत्नी को पीटकर बच्ची छीनने की कोशिश, रिपोर्ट दर्ज
बरेली। पत्नी के साथ पीटकर बच्ची छीनने की कोशिश की गई। पत्नी ने पति और ससुरालवालों के खिलाफ किला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बाकरगंज निवासी पुष्पा ने बताया कि पति अमन, ननद सपना, शालिनी और ननदोई सोनू ने घर आकर पीट की। दो साल की बेटी को छीनने की कोशिश की। ब्यूरो
एसी कोच से वायर चोरी होने के मामले में एक गिरफ्तार
पीलीभीत। खटीमा रेलवे-स्टेशन पर खड़े एसी कोच से वायर चोरी होने के मामले में रेलवे की मंडलीय टीम ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। वायर चोरी मामले का मुकदमा पीलीभीत आरपीएफ थाने में दर्ज किया गया है। टीम ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड ली है। खटीमा रेलवे स्टेशन पर खड़े एसी कोच से 29 अक्तूबर को कॉपर वायर चोरी हुए थे। इज्जतनगर से मंडलीय स्पेशल टास्क टीम में बरेली सिटी प्रभारी नरेश कुमार मीना की टीम ने जांच शुरू की। टीम ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर विद्युत सचिन भटनागर निवासी सिविल लाइंस स्टेशन मार्ग थाना कोतवाली बरेली को गिरफ्तार कर लिया गया। संवाद
हेल्पलाइन नंबर पर कॉल से पकड़ा सट्टेबाज
बरेली। एसएसपी के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर पर मिली सूचना के आधार पर थाना किला पुलिस टीम ने सट्टा लगाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। किला थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि फैजल निवासी जखीरा बाग वाली मस्जिद थाना किला के बारे में सूचना मिली थी। बसरुद्दीन वाली गली में पुलिस ने उसे सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए सट्टा पर्ची, पेन एवं 720 रुपये सहित गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो