बरेली। शातिर साइबर ठगों ने पहले 10500 रुपये निवेश कराकर 19500 रुपये का मुनाफा दिया। इसके बाद 70 लाख 31 हजार रुपये निवेश करवाकर हड़प लिए। साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बारादरी थाना क्षेत्र के बुखारपुरा निवासी शिवकिशोर गोले ने बताया कि एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर उनसे संपर्क किया गया। उन्हें बताया गया कि हार्वे नोर्मन कंपनी में निवेश करने पर बेहद कम समय में बड़ा मुनाफा दिया जा रहा है। कंपनी का लिंक भेजकर इससे अपना खाता जोड़ने के लिए कहा गया। खाता जोड़ने पर 10500 रुपये का निवेश कराया और उसके बदले 30000 रुपये शिवकिशोर के खाते में भेज दिए गए। इसके बाद शिवकिशोर ठगों के झांसे में आ गए। शिवकिशोर के साथ ही उनकी पत्नी मंजू और मित्र राजू से अलग-अलग खातों में 70 लाख 31 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। जब तक उन्हें ठगी का अहसास हुआ, तब तक देर हो चुकी थी। फिर साइबर ठगों ने संपर्क ही बंद कर दिया। साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अमर उजाला ब्यूरो