बदायूं के ओरछी कस्बे में एक्सपायर नमकीन की पेराई कर तेल और खल बनाने के कारोबार के पांच गोदामों पर शनिवार शाम प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। जांच के बाद पांच गोदामों को सील कर दिया गया। गोदामों में एक्सपायर नमकीन से निकाले गए तेल को बाजार में खाद्य पदार्थों के इस्तेमाल के लिए बेचे जाने की शिकायत पर कार्रवाई की गई थी। देर रात तक स्टॉक और अभिलेखों का मिलान जारी रहा।
कस्बे में कुछ फैक्ट्रियों में एक्सपायर नमकीन खरीदकर गोदामों में उसकी पेराई करके तेल का इस्तेमाल बायो डीजल बनाने में किए जाने की बात कही जा रही है। वहीं पेराई के बाद बचने वाली खल किसानों को बेची जाती है। शिकायत थी कि नमकीन से निकाले गए तेल को स्थानीय और आसपास क्षेत्रों में चाट-पकौड़ी तथा मिठाई की दुकानों पर भी सप्लाई किया जा रहा है। आरोप यह भी है कि तेल को बाजार भाव से कम कीमत पर बेचा जा रहा था।
स्टॉक और अभिलेखों की जांच
एसडीएम बिसौली प्रियंका गोयल, सीओ अंशुमन श्रीवास्तव और सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सीएल यादव ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ गोदामों पर छापा मारा। टीम ने स्टॉक और अभिलेखों की जांच की। कार्रवाई के दौरान सभी पांच गोदामों को सील कर दिया गया। जांच अभी जारी है। स्टॉक और अभिलेखों का मिलान पूरा होने के बाद ही गड़बड़ी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एडीएम प्रशासन मानवेंद्र सिंह ने बताया कि ओरछी में एक्सपायर नमकीन से तेल और खल निकालने वाले पांच गोदामों का निरीक्षण किया गया है। सभी गोदाम सील कर दिया गया है। जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।