बरेली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका पर ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। शहर भी इससे अछूता नहीं रहा। रविवार देर रात मैच खत्म होते ही लोगों ने सड़कों पर उतरकर पटाखे जलाए, मिठाई बांटी और भारत माता की जय के नारे लगाए। शहर की महिला खिलाड़ियों ने कहा कि मैदान में कड़ी मेहनत करने वाली हर लड़की के लिए यह जीत एक सशक्त उम्मीद बनकर आई है।
खेल प्रेमियों की आंखों में खुशी के आंसू थे। स्थानीय महिला खिलाड़ियों ने कहा कि यह जीत सिर्फ टीम इंडिया की नहीं, हर उस बेटी की जीत है जो संसाधनों के अभाव, समाज की रोक-टोक के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने में जुटी हुई है। बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सीताराम सक्सेना ने बताया कि शहर में अब तक महिला क्रिकेट टीम नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में कई प्रयास हुए, लेकिन खिलाड़ियों की उदासीनता के कारण स्थायी टीम नहीं बन पाई। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया की जीत शहर में महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और कई लड़कियां अब आगे आएंगी। हालांकि पूर्व में कुछ महिला खिलाड़ियों ने जरूर प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
टीम की जीत से बढ़ा मनोबल
14 वर्षीय मानवी वर्मा ने कहा कि टीम इंडिया की सफलता ने उनके मनोबल को बढ़ाया है और वह भी आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर खेलकर शहर और देश का नाम रोशन करना चाहती हैं। डिफेंस एन्क्लेव की मानवी ने महज पांच साल की उम्र में ही बल्ला थाम लिया था। विराट कोहली को आदर्श मानने वाली मानवी का चयन वीमेंस प्रीमियर लीग की टीम यूपी वॉरियर्स के प्रशिक्षण शिविर के लिए भी हुआ था।
भारत के लिए खेलना ही लक्ष्य
23 वर्षीय मुस्कान खान ने बताया कि यह जीत उनके लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है और अब उनका ध्यान अपने खेल को और बेहतर बनाने और राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने पर है। मुस्कान का क्रिकेट सफर उत्तराखंड में शुरू हुआ। बेहतर प्रशिक्षण के लिए उन्होंने बरेली का रुख किया और एसआरएमएस अकादमी से जुड़कर पेशेवर कोचिंग लेना शुरू किया। महेंद्र सिंह धोनी को आदर्श मानने वाली मुस्कान उत्तराखंड प्रीमियर लीग में पिथौरागढ़ हरिकेन्स टीम की ओर से खेल चुकी हैं। संवाद