क्योलड़िया। झांसा देकर पांच वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने के बाद अब प्रेमी शादी से मुकर गया। इसको लेकर युवती प्रेमी के घर जाकर धरने पर बैठ गई। हंगामे के बाद पुलिस ने प्रेमी सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
युवती ने बताया कि मो. उवैश से जान-पहचान के बाद उसकी दोस्ती हुई थी। आरोपी ने शादी करने की बात कहकर उससे नजदीकी बढ़ाई। इस दौरान कई बार उसने शारीरिक संबंध बनाए। मेरे सोने-चांदी के आभूषण भी गिरवी रखवा दिए। अब वह दूसरी जगह शादी कर रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, प्रेमी के दूसरी जगह शादी करने से नाराज युवती जब धरना देने के लिए उसके घर पहुंची तो प्रेमी के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद भी रातभर युवती धरने पर बैठी रही। युवक ने सुबह डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवती को थाने ले आई।
यहां भी युवती ने प्रेमी से ही शादी की बात कही मगर, युवक और उसके परिजन तैयार नहीं हुए। इसके बाद युवती ने तहरीर देकर प्रेमी मो. उवैश के साथ ही आफाक, मुस्तकीम, मोहम्मद इमरान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक राजबली सिंह ने बताया कि युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया है।