उप श्रमायुक्त अनुपमा गौतम का घेराव करते उद्यमी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
डिप्टी लेबर कमिश्नर से की मुलाकात कर कहा - श्रम विभाग के अधिकारी कर रहे परेशान
बरेली। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन चैप्टर का प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को डिप्टी लेबर कमिश्नर से मुलाकात करने पहुंचा। उन्हें बताया कि श्रम विभाग के अधिकारी पिछले कुछ समय उद्यमियों को परेशान कर रहे हैं। इसी दौरान करीब सौ से अधिक उद्यमी भी कार्यालय पहुंच गए और फिर सभी ने डिप्टी लेबर कमिश्नर से यही समस्या सामने रखी।
आईआईए के पदाधिकारी और उद्यमियों ने बताया कि कोरोना के कारण पहले से ही उद्योग चौपट हैं और श्रम विभाग के अधिकारी आए दिन किसी न किसी बहाने से परेशान कर रहे हैं। यह कई दिनों से चल रहा है। परेशान होकर उद्यमियों को एक साथ कार्यालय आना पड़ा। आईआईए सचिव तनुज भसीन ने कहा कि यदि श्रम विभाग के अधिकारी उद्यमियों का इसी तरह उत्पीड़न करते रहे तो उन सभी के पास फैक्ट्रियों में ताला डालने के सिवा और कोई चारा नहीं रह जाएगा।
डिप्टी लेबर कमिश्नर अनुपमा गौतम ने उद्यमियों को आश्वासन दिया कि श्रम विभाग के अधिकारियों की ओर से अब उद्यमियों को किसी तरह परेशान नहीं किया जाएगा। यदि किसी उद्यमी की कोई परेशानी है तो वह सीधे कार्यालय आकर उनसे मुलाकात कर समस्या का समाधान करा सकता है। इस मौके पर मयूर शेरवानी, सुरेश मुंदरानी, एसके सिंह, सतीश अग्रवाल, पियूष अग्रवाल, मनोहर लाल पीरवानी, अजय सरारगी, राजीव अग्रवाल, गणेश मल्होत्रा, सुभाष बंसल आदि थे।