बरेली। सौ करोड़ के कथित जीएसटी फर्जीवाड़े और मनी लॉन्डि्रंग के मामले की जांच में मोबाइल फोन कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के आवास पर चल रहा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का छापा बृहस्पतिवार को जारी रहा। बताते हैं कि कई संदिग्ध दस्तावेज मिलने की वजह से जांच आगे खिंचती जा रही है।
मंगलवार सुबह करीब सात बजे मारवाड़ी गंज निवासी मोबाइल कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के आवास पर दिल्ली से आई ईडी टीम ने पुलिस बल के साथ छापा शुरू किया था। देर रात तक कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। डिजिटल के साथ मैन्युअल रिकॉर्ड भी खंगाले। सूत्रों के मुताबिक, जांच में कई संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के मामले सामने आए हैं। कई बेनामी फर्मों के जरिये रुपया खपाने की आशंका के चलते जांच आगे बढ़ रही है। कारोबारियों के मुताबिक, जांच छह राज्यों में चल रही है। छापा एक साथ ही थमेगा। फिलहाल, टीम डटी हुई है।
बुधवार रात आंधी और बारिश की वजह से शहरभर की बिजली गुल हो गई। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच प्रभावित होने से टीम को आवास पर ही रात बितानी पड़ी। पड़ोसियों के मुताबिक, इन्वर्टर ठप होने के बाद जनरेटर चलाया। पर्याप्त डीजल नहीं होने से कुछ देर बान्वह बंद हो गया। देर रात टीम के सदस्यों समेत सात लोगों ने छत पर रात गुजारी। सुबह फिर जांच शुरू हो गई।