आंवला। रामनगर रोड पर सुबह मुठभेड़ में पुलिस ने झारखंड के दो अफीम तस्करों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एक तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि सिपाही मनीष कुमार पीछा करते वक्त गिरकर घायल हो गए। तस्करों के पास से दो तमंचे, कारतूस, झारखंड नंबर की बाइक और डेढ़ किलो अफीम बरामद हुई। तस्करों का एक साथी बाइक लेकर भागने में सफल रहा।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार शाम आंवला-मनौना रोड पर दो बाइकों पर संदिग्ध लोगों के खड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन को पकड़ लिया। एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल ने अपना नाम प्रदीप कुमार निवासी झारखंड के जिला रामगढ़ थाना मांडू क्षेत्र के गांव नावाडी बताया। दो अन्य ने अपना पता झारखंड में हजारी बाग के निकट लाल कोठी निवासी उदय कुमार मेहता और सिरौली थाना क्षेत्र के गांव कालाभोज निवासी ओमपाल बताया। उन्होंने बताया कि किटौना का रामचंदर बाइक लेकर भाग गया।
तस्करों में एक छात्र नेता भी शमिल, कर रहा है पीएचडी
मुठभेड़ में पकड़े गए तस्कर उदय कुमार ने बताया कि वह विनोबा भावे यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रहा है। फीस में पांच हजार रुपये कम थे इसलिए साथी प्रदीप के साथ 75 हजार रुपये में अफीम खरीदकर आंवला के परिचित तस्करों को बेचने आया था। बताया कि प्रति किलो पर उसे दस हजार रुपये मुनाफा मिल जाता है। वह छात्र नेता भी है।
गुगल मैप के सहारे बाइक से तय की एक हजार किलोमीटर की दूरी
झारखंड से लेकर आंवला तक की 1000 किलोमीटर की दूरी तस्करों ने गुगल मैप के सहारे पूरी की। उन्होंने बताया कि वह मुगलसराय, सासाराम होते हुए यहां तक पहुंचे। पूरे रास्ते भर किसी ने भी उन्हें नहीं रोका, जबकि बैग में नीचे अफीम ऊपर किताब रखी हुई थी।
नवाबगंज/क्योलड़िया। सोमवार की देर रात थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह को फतेहगंज गांव के पास पशु तस्करों के गोवंशीय पशु का कटान करने की सूचना मिली। वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो गांव के पास बंद पडे़ कोल्हू से कुछ दूरी पर पशु तस्कर एक गोवंशीय पशु को काटने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस का आता देख एक तस्कर ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें कांस्टेबल अंकित कुमार दाहिने हाथ में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो एक तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथ भाग गया। पकड़े गए तस्कर ने अपना नाम ईशाक निवासी मधुनगला थाना क्योलड़िया व फरार साथी का नाम आबिद मेवाती निवासी तुलसी राम उर्फ तुलसीपुर थाना भोजीपुरा बताया। आरोपी के पास से दो तमंचे, चार कारतूस, एक गोवंशीय पशु और एक बाइक बरामद हुई।