रोजगार मेले में अपनी बारी का इंतजार करते युवा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
जिले के सभी 15 ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित हुए मेले, नौकरियां मिलने से खिले युवाओं के चेहरे
बरेली। प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर बुधवार को जिले के सभी 15 विकास खंड मुख्यालय पर लगाए गए रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों के लिए 693 युवाओं का चयन हुआ। नौकरी के लिए चयनित युवाओं को क्षेत्रीय विधायकों ने नियुक्त पत्र दिए तो उनके चेहरे खिल गए।
जिला प्रशासन एवं सेवायोजन विभाग के सहयोग से बुधवार को ब्लॉक मुख्यालयों पर लगाए गए रोजगार मेले में नौ कंपनियों के प्रतिनिधि साक्षात्कार लेने पहुंचे। इन कंपनियों को 2948 पदों पर युवाओं का चयन करना था लेकिन साक्षात्कार के बाद अलग अलग पदों के लिए वे 693 युवाओं का ही चयन कर पाईं। ब्लॉकों में लगे इन मेलों में ज्यादातर अभ्यर्थी ग्रामीण इलाकों से ही पहुंचे थे। भोजीपुरा में लगाए गए मेले में 400 युवाओं ने पंजीकरण कराया जिनमें से 150 युवक और 50 युवतियों का चयन हुआ। विधायक बहोरन लाल मौर्य ने उन्हें नियुक्ति पत्र देते हुए उन्हें बधाई दी।
रामनगर में 200 युवाओं का पंजीकरण हुआ था जिसमें से 50 का चयन किया गया। यहां निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख श्रीपाल सिंह ने युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए। फरीदपुर क्षेत्र के कुआंडांडा ब्लॉक परिसर में आयोजित रोजगार मेले में 105 युवाओं ने पंजीकरण कराया था। इनमें कुछ ही युवा चयनित हो सके। बहेड़ी में विधायक छत्रपाल सिंह और मीरगंज में विधायक डीसी वर्मा ने नियुक्त पत्र वितरित किए। इस मौके पर सहायक निदेशक सेवा योजन त्रिभुवन सिंह, सहायक सेवा योजन अधिकारी बनहर जबी, आसरा जमाल, सुखपाल सिंह, राहुल गौतम, चेतन प्रकाश, अतुल कुमार आदि मौजूद रहे।