बकाया के चलते कनेक्शन काटनेे गई थी बिजली विभाग की टीम
बरेली। बिल बकाया के चलते गंगापुर में कनेक्शन काटने गई बिजली विभाग की टीम पर दिनेश चंद्र आर्य, अनूप और तीन अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने मारपीट कर बिजली टीम को जख्मी कर दिया। सभी के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शाहदाना उपकेंद्र पर तैनात तकनीकी सहायक अरविंद कुमार और सुरेश कुमार बकाया बिजली बिल की वसूली और अस्थाई रूप से कनेक्शन काटने के लिए कार्रवाई के लिए सोमवार को गंगापुर गए थे। अरविंद के मुताबिक आशीष कुमार आर्य के कनेक्शन पर 67 हजार 810 रुपये का बिजली बिल बकाया है। गंगापुर में जाकर वे लोग आशीष का पता पूछ रहे थे। इसी बीच दिनेश चंद्र आर्य वहां पहुंचे और धमकाते हुए लौट जाने को कहा। अरविंद का आरोप है कि उन लोगों ने दिनेश को आशीष के बिजली बिल बकाया की जानकारी दी और कनेक्शन काटने को कहा। इस पर दिनेश, अनूप और तीन अन्य अज्ञात ने उन पर हमला कर दिया। सभी मिलकर उन्हें पीटकर लहूलुहान कर दिया। साथ ही आरोपियों ने उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने और घर से अपहरण कर लेने की धमकी भी दी। किसी तरह वे लोग वहां से जान बचाकर भागे। अरविंद की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।