बरेली। भीषण गर्मी में शनिवार पूरी रात बमनपुरी में बिजली आपूर्ति ठप रही। रविवार दोपहर बंच केबल बदलकर आपूर्ति सुचारु की गई, लेकिन दो बजे वह फिर से फुंक गया। इलाके के 25 हजार से ज्यादा लोगों को कटौती से जूझना पड़ा।
पुराना शहर के रबड़ी टोला, कांकर टोला, घेर जाफर खां इलाकों में ट्रिपिंग होती रही। शनिवार रात तेज हवा के कारण एहतियात के तौर पर कई इलाकों में दो से तीन घंटे तक आपूर्ति बंद कर दी गई। शाहदाना उपकेंद्र से संबद्ध पुराना शहर के कुछ इलाकों को सिविल लाइंस तृतीय उपकेंद्र से जोड़ने का काम रविवार को भी पूरा नहीं हो सका। किला, कुतुबखाना, मढ़ीनाथ, सुभाषनगर उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में भी ओवरलोडिंग, लोकल फॉल्ट और ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान हुए। राजेंद्र नगर, कालीबाड़ी, सैलानी, एजाजनगर गौटिया में भी ट्रिपिंग होती रही।
डीएम रविंद्र कुमार ने बिजली संकट को लेकर बृहस्पतिवार को बैठक में विद्युत निगम के अभियंताओं के पेच कसे थे। ओवरलोडिंग वाले स्थान चिह्नित कर वहां ज्यादा क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने के आदेश भी दिए थे। इससे उपभोक्ताओं को राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन विद्युत निगम के अभियंताओं ने डीएम के आदेशों को भी हवा में उड़ा दिया। ऐसे में शनिवार रात काफी संख्या में उपभोक्ता एकत्र होकर डीएम आवास पहुंच गए।