बरेली। मंडल क्रीड़ा संघ पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर की ओर से रेलवे स्टेडियम में आयोजित अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को प्रतियोगिता का चौथा क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें विद्युत विभाग की टीम और यांत्रिक (समाडी) की टीम के मध्य मुकाबला खेला गया। मुकाबले में विद्युत विभाग की टीम ने यांत्रिक (समाडी) की टीम को 24 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
टॉस जीतकर विद्युत विभाग की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 174 रन बनाए। इसमें कृष्णमोहन विश्वकर्मा ने 40 गेंदों पर 52 रन बनाए। यांत्रिक (समाडी) टीम की ओर से भगवान ने तीन विकेट लिए। विकेटकीपर शिखर दयाल ने बेहतरीन कैच पकड़े।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यांत्रिक (समाडी) की टीम 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी। इसमें भीम कुमार ने 55 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली।
विद्युत विभाग टीम से महबूब व रोहिताश मीणा ने दो-दो विकेट झटके। मैन ऑफ द मैच का खिताब विद्युत विभाग के कृष्णमोहन विश्वकर्मा को मिला। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर मनीष गंगवार, मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) राजकुमार, मंडल क्रीड़ा अधिकारी संदीप सिंह, मंडल यांत्रिक इंजीनियर (समाडी) मनीष वर्मा, सीडीओ कासगंज शिखर दयाल उपस्थित रहे।
अंपायरिंग शरद फर्नांडीस व आकाश कुमार ने की। स्कोरिंग आकाश और कमेंटरी संजय कुमार की ओर से की गई।
टूर्नामेंट आयोजक माजिद हसन खान ने बताया कि शनिवार को पहला सेमीफाइनल मैच ऑपरेशंस और यांत्रिक कारखाना के मध्य सुबह 07ः30 बजे से खेला जाएगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मैच आरपीएफ और विद्युत विभाग के मध्य सुबह 10:30 बजे से होगा। संवाद