बाघ एक्सप्रेस के एसी कोच में शनिवार रात रेलवे के इलेक्ट्रीशियन ने नींद में ऊंघती एक महिला से अचानक छेड़खानी शुरू की तो हल्ला मच गया। महिला का शोर सुनकर जागे परिवार के लोगों ने यात्रियों की मदद से उसे दबोच लिया। इसके बाद ट्रेन में चल रहे जीआरपी के एस्कॉर्ट ने उसे कब्जे में ले लिया। रात में ही बरेली जंक्शन के थाना जीआरपी में एफआईआर दर्ज कर सुबह उसे रामपुर ट्रांसफर किया गया। आरोपी इलेक्ट्रीशियन को भी रामपुर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया।
काठगोदाम-हावड़ा के बीच चलने वाली बाघ एक्सप्रेस के एसी कोच में शनिवार रात देवरिया का एक परिवार सफर कर रहा था जिसे बरेली आना था। रामपुर स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो वहीं तैनात रेलवे का इलेक्ट्रीशियन आनंद कोच में घुस आया। महिला की बर्थ के पास एक-दो मिनट कोच की वायरिंग चेक करने का बहाना करने के बाद पहले तो उससे कुछ बातचीत की, फिर छेड़खानी शुरू कर दी। महिला ने शोर मचा दिया तो दूसरी बर्थों पर सो रहे परिवार के लोग जाग गए। बोगी में हल्ला मच गया।
यात्रियों ने भागने की कोशिश कर रहे इलेक्ट्रीशियन को दबोच लिया। उसकी पिटाई के बाद ट्रेन में ही चल रहे रामपुर के जीआरपी एस्कार्ट को सूचना दी गई। ट्रेन बरेली पहुंची तो उसे जंक्शन पर उतार लिया गया।
पूछताछ करने के बाद पता चला कि आरोपी आनंद बरेली की ही सिद्धार्थनगर कॉलोनी का रहने वाला है और उसकी तैनाती रामपुर में है। इंस्पेक्टर जीआरपी किशन अवतार ने बताया कि आनंद के खिलाफ निल क्राइम नंबर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामला रामपुर ट्रांसफर कर दिया गया है। रविवार को आरोपी को भी रामपुर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया।