पुराने शहर में बिजली विभाग की ओर से सघन चेकिंग अभियान चलाने के बावजूद लोग सुधर नहीं रहे हैं। रविवार को चेकिंग नहीं हुई तो लोगों ने कटिया कनेक्शन डाल लिए। इस कारण एक दिन में ही लाइनों पर लोड 40 से 50 एम्पियर तक बढ़ गया। चेकिंग के दौरान लोड में जबर्दस्त कमी आई थी।
पुराने शहर के सैलानी, मीरा की पैंठ, सूफी टोला, बुखारपुरा, पानी की टंकी, कांकरटोला और अन्य इलाकाें को शाहदाना व जगतपुर उपकेंद्र से बिजली दी जाती है। यहां ओवरलोडिंग के चलते एक महीने में दो से तीन ट्रांसफार्मर फुंकते हैं। जगतपुर और शाहदाना इलाके में तो सर्दियों में भी बिजली कटौती करनी पड़ती है। चार फरवरी से पुराना शहर में चेकिंग अभियान चलने पर लोड 100 एम्पियर से घटकर 60 पर पहुंच गया। रविवार को चेकिंग ठप रहने पर लोड फिर 118 एम्पियर जा पहुंचा।
सूफीटोला इलाके में तो कनेक्शन ही नहीं
पुराना शहर के सूफीटोला समेत कई इलाके ऐसे हैं जहां बिना कनेक्शन के बिजली चल रही है। उपभोक्ताओं के ऊपर एक-एक लाख रुपये से अधिक का बकाया है। शनिवार को पार्षद के पकड़े जाने पर मोहल्ले की पोल खुली। पता चला कि यहां अधिकतर लोगाें के कनेक्शन कट चुके हैं, बावजूद इसके बाबुओं और कर्मचारियों की मिलीभगत से बिजली जल रही है।
कुछ इस तरह घट बढ़ रहा बिजली लोड
तारीख लोड
1 फरवरी 100
2 फरवरी 100
3 फरवरी 100
4 फरवरी 60
5 फरवरी 60
6 फरवरी 86
7 फरवरी 86
8 फरवरी 118
(नोट: लोड एम्पियर में है। पुराना शहर में दोपहर एक बजे उपकेंद्र से।)