बरेली के थाना इज्जतनगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को बुजुर्ग का शव कमरे में बेड पर मिला। वह किराये के मकान में रहते थे। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
बरेली के थाना इज्जतनगर क्षेत्र के नागरिया परीक्षित में किराये के मकान में रह रहे करीब 65 वर्षीय विजय कुमार श्रीवास्तव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बृहस्पतिवार को उनका शव कमरे में मिला। वह मूल रूप से न्यू बैरहना, प्रयागराज के निवासी थे और करीब दो वर्षों से विमल कुमार के मकान में ऊपर वाले कमरे में अकेले रह रहे थे।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि वह एयरफोर्स एवं बैंक से रिटायर थे। उनकी पत्नी और पुत्र रोबिन श्रीवास्तव संत नगर चर्च के पास एयरपोर्ट क्षेत्र में रहते हैं। पड़ोसियों के अनुसार विजय कुमार रोज सुबह नौ बजे पानी चलवाने के लिए आवाज लगाते थे, लेकिन बृहस्पतिवार को काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। इस पर अन्य किरायेदारों ने मकान मालिक को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
पुलिस चौकी को सूचना देने पर उपनिरीक्षक नरेश कुमार पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में विजय कुमार बेड पर मृत अवस्था में मिले। प्रथम दृष्टया मौत हार्ट अटैक या अन्य बीमारी से होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने फील्ड यूनिट बुलाकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।