रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बनाई पूर्व छात्रोें के लिए अलग से वेबसाइट
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय अपने पूर्व छात्रों को कैंपस से दोबारा जोड़ने और इनकी मदद से वर्तमान छात्रों का भविष्य बनाने में मदद करने के लिए सक्रिय हो गया है। विश्वविद्यालय बड़े पैमाने पर एल्युमिनाई मीट कराने की योजना बना रहा है। साथ ही एक वेबसाइट भी बनाई गई है, जिस पर देशभर में फैले विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र सीधे रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। शनिवार को कैंपस प्लेसमेंट सेल द्वारा इंजीनियरिंग विभाग की एल्युमिनाई मीट के दौरान कुलपति प्रो. अनिल शुक्ला इस वेबसाइट का उद्घाटन करेंगे।
प्लेसमेंट सेल के अध्यक्ष डॉ. विनय ने बताया कि पूर्व छात्रों को जोड़ने के लिए विश्वविद्यालय के छात्रों के सहयोग से एक वेबसाइट बनाई गई है। इस वेबसाइट पर विश्वविद्यालय के देशभर में फैले पूर्व छात्र-छात्राएं अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। उन्हें समय-समय पर विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों में बुलाकर वर्तमान छात्रों को उनके अनुभवों का लाभ दिलाया जाएगा। इस संबंध मेें शनिवार को प्लेसमेंट सेल में इंजीनियरिंग विभाग के पूर्व छात्रों की एल्युमिनाई मीट का आयोजन भी किया गया है। इसमेें आने वाले सभी छात्रों का रजिस्ट्रेशन भी इस वेबसाइट पर किया जाएगा। बताया कि शनिवार को करीब 50 से अधिक पूर्व छात्रों के आने की उम्मीद है। ब्यूरो