बरेली। मंगलवार को छात्र परिषद के गठन की अफवाह पर बरेली कॉलेज के छात्र नेता उद्वेलित हो गए। उन्होंने प्राचार्य का घेराव किया। इस दौरान प्राचार्य ने कहा कि किसी छात्र परिषद का गठन नहीं किया जा रहा है, बल्कि छात्र कल्याण परामर्श समिति का गठन किया जा रहा है। इसमें कॉलेज के हर डिपार्टमेंट की हर कक्षा से केवल टॉपर छात्र-छात्राओं को रखा गया है। यह समिति कॉलेज में पिछले 25 सालों से गठित हो रही है।
छात्रसभा के महानगर अध्यक्ष फैज मोहम्मद ने बताया कि समाजवादी छात्र सभा ने बरेली कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन का घेराव किया। इस दौरान कॉलेज प्रशासन ने छात्र परिषद के चुनाव होने की बात उठाई। इसे लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस पर प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि छात्र परिषद का चुनाव नहीं कराया जा रहा। केवल छात्र परामर्श समिति, जो पिछले 25 वर्षों से गठित हो रही है, का गठन किया जा रहा है। इसमें छात्र नेताओं को नहीं, बल्कि मेधावी और टॉपर छात्र-छात्राओं को उनकी मेरिट के हिसाब से सदस्य बनाया जाता है। उनका कार्य छात्रों के कल्याण के लिए केवल सुझाव देना होता है। फैज मोहम्मद ने कहा यदि ऐसा है तो वह इसका विरोध नहीं करेंगे। इस दौरान उन्होंने प्राचार्य से मांग की कि अगले साल कॉलेज में छात्रसंघ के चुनाव कराए जाएं। प्राचार्य ने इसके लिए कोशिश करने की बात कही। इसके अलावा एमए एजूकेशन, एमए म्यूजिक (संगीत) एवं एमए होम साइंस शुरू करने की भी मांग की। इस पर प्राचार्य ने महाविद्यालय की बैठक कर प्रस्ताव विश्वविद्यालय को भेजने की बात कही। इस संदर्भ में पूर्व महामंत्री छात्रसंघ धूपेंद्र जायसवाल ने भी प्राचार्य से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। हालांकि प्राचार्य के जवाब से वह भी संतुष्ट दिखे।
हर महीने होगी समिति की बैठक
डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर बरेली कालेज डॉ. राजीव मेहरोत्रा ने बताया कि छात्र कल्याण परामर्श समिति की बैठक हर महीने आयोजित की जाएगी। बैठक के पैटर्न प्राचार्य होंगे व संयोजन वे खुद करेंगे।