बरेली। बरेली कॉलेज के गणित विभाग में डॉ. पूनम के आरोपों पर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आरिफ नदीम ने सोमवार को जांच कमेटी को अपना जवाब नहीं दिया। अब उन्होंने प्राचार्य को दी गई डॉ. पूनम की मूल शिकायत की कॉपी मांगी है। मंगलवार को कमेटी उन्हें कॉपी देने पर निर्णय लेगी और बुधवार तक वह अपना पक्ष रखेंगे। वहीं चतुर्थ श्रेणी कर्मी मुकेश को भी नोटिस दिया गया है, मंगलवार को उसके बयान होंगे।
वरिष्ठता को लेकर बरेली कॉलेज का गणित विभाग लंबे समय से विवादों में बना है। इसी बीच 11 सितंबर को एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पूनम सिंह ने अपने साथी एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आरिफ नदीम पर अभद्रता और उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा से शिकायत की थी। प्राचार्य ने इसकी जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बना दी, जिसके तीन सदस्य अगले दिन ही कमेटी से हट गए। प्राचार्य ने कोरम पूरा करने के लिए डॉ. अनीता सिंह को कमेटी में शामिल कर दिया। शनिवार को डॉ. पूनम सिंह जांच कमेटी के समक्ष प्रस्तुत होकर अपना विस्तृत लिखित बयान भी दे दिया है, आरोपों का जवाब देने के लिए यह कॉपी डॉ. आरिफ नदीम को भी उपलब्ध कराई जा चुकी है। सोमवार को डॉ. आरिफ नदीम को जवाब देना था लेकिन जवाब देने के बजाय अब उन्होंने डॉ. पूनम द्वारा प्राचार्य से की गई मूल शिकायत की कॉपी मांगी है। कमेटी मंगलवार को कॉपी देने पर निर्णय लेगी और साथ ही घटना के गवाह चतुर्थ श्रेणी कर्मी मुकेश के बयान भी दर्ज करेगी। जांच कमेटी ने डॉ. आरिफ नदीम को बुधवार तक अपना जवाब देने को कहा है।
डॉ. आरिफ ने अब शिकायत की कॉपी मांगी है। मंगलवार को कमेटी इस पर निर्णय लेगी और बुधवार तक उन्हें बयान दर्ज कराने होंगे। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के बयान मंगलवार को होंगे। - डॉ. नसीम अख्तर, संयोजक, जांच कमेटी