भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की बैठक में उठा मुद्दा
बरेली। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से बुधवार को पीरबहोड़ा रोड बैरियर चौकी के आगे व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य विषय ऑनलाइन बाजार रहा।
जिला अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियां भारी डिस्काउंट, कैशबैक, मुफ्त डिलीवरी, रिटर्न पॉलिसी तथा निवेशकों के पैसे के सहारे ऐसी कीमतों पर सामान उपलब्ध करा रही हैं, जिन पर स्थानीय दुकानदार व्यापार करना तो दूर, अपनी लागत भी नहीं निकाल सकता। इस वजह से रिटेल बाजार में ग्राहक संख्या लगातार घट रही है।
महामंत्री अनुज गुप्ता ने कहा कि ऑनलाइन बिक्री के बढ़ने से स्थानीय रोजगार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बाजारों की रौनक कम हो रही है, छोटे व्यापार बंद हो रहे हैं। व्यापारियों ने सरकार से मांग की कि डिजिटल अर्थव्यवस्था के साथ-साथ ऑफलाइन व्यापार की सुरक्षा के लिए भी संतुलित नीति बनाई जाए, जिससे बाजार संरचना सुरक्षित रह सके।
इस दौरान पीर बहोड़ा इकाई का विधिवत गठन किया गया। जिसमें टाइल्स, हार्डवेयर, लोहा, लकड़ी तथा अन्य व्यवसायों से व्यापारी जुड़े। बैठक में कुमार गौरव शर्मा, जुनैद चौधरी, मनजीत सिंह, संजय सिंह, जसपाल सिंह बग्गा, दयाल अग्रवाल, विजय प्रताप सिंह बल्ले ठाकुर आदि मौजूद रहे। संवाद